व्यापार
20-Mar-2026
...


- सेंसेक्स 790 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,200 के पार मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शानदार शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स 790.56 अंक की तेजी के साथ 74,997.80 पर खुला। वहीं ‎निफ्टी 50 भी 208.05 अंक चढ़कर 23,210.20 के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा ‎गिफ्ट ‎निफ्टी ने पहले ही संकेत दे दिया था कि बाजार सकारात्मक रुख के साथ खुलेगा। इससे पहले गुरुवार को बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इरान द्वारा कतर में ऊर्जा ठिकानों पर हमले की खबर से वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई थी। इसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा और निवेशकों को एक ही दिन में करीब 13 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। यह गिरावट पिछले 21 दिनों की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट रही। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बेंजा‎मिन नेतन्याहू ने कहा कि संघर्ष जल्द समाप्त हो सकता है और ईरान की सैन्य क्षमताएं कमजोर हो चुकी हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इजरायल अब बिजली ढांचे को निशाना नहीं बनाएगा। वहीं डोनाल्ड ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि अमेरिका फिलहाल किसी भी क्षेत्र में सैनिक नहीं भेज रहा है। इन बयानों से वैश्विक बाजारों में कुछ स्थिरता देखने को मिली है, जिसका असर भारतीय बाजार की मजबूती पर भी पड़ा। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार की दिशा काफी हद तक पश्चिम एशिया के हालात और वैश्विक संकेतों पर निर्भर करेगी। शुरुआती कारोबार में आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। टेक महिंद्रा करीब 3.08 फीसदी चढ़कर टॉप गेनर रहा। इसके अलावा इन्फोसिस 2.44 फीसदी, एचसीएल टेक 2.36 फीसदी, टाटा स्टील 2.07 फीसदी और एसबीआई करीब 1.92 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। इन शेयरों ने बाजार की तेजी में अहम योगदान दिया। वहीं बैंकिंग सेक्टर में कुछ कमजोरी देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक करीब 1.70 फीसदी गिरकर टॉप लूजर रहा और शुरुआती कारोबार में दबाव में दिखा। सतीश मोरे/20मार्च ---