खेल
20-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय टीम के दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को सलाह दी है कि उन्हें लंबी पारी खेलने के लिए सही संतुलतन बनाना होगा। कुंबले के अनुसार अभिषेक को बल्लेबाजी के दौरान अपनी आक्रामकता पर नियंत्रण करना होगा ताकि वह जिम्मेदारी से अपनी भूमिक निभा सकें। इसके लिए उन्हें पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की बल्लेबाजी देखनी चाहिये। जिस प्रकार सहवाग ने अपने करियर के दौरान आक्रामकता को संतुलित कर लंबी पारियां खेली हैं। वैसा ही अभिषेक भी कर सकता हैं। अभी वह अधिकतर अधिक जोखिम उठाकर रन टीम को तेज शानदार शुरुआत दिलाते हैं पर बड़ी पारी नहीं खेल पाते। कुंबले ने कहा, मैं उनकी तुलना सहवाग जैसे खिलाड़ी से करूंगा क्योंकि वह भी हर गेंद को स्मैश करने की कोशिश करते थे। जब वह टेस्ट क्रिकेट से एकदिवसीय क्रिकेट और फिर टी20 में आए तो उन्हें अहसास हुआ कि उन्हें अपनी पारी की गति थोड़ी अलग तरह से तय करनी होगी। हालांकि सहवाग तब भी 140-150 के स्ट्राइक रेट से खेलते थे। अभिषेक को भी इसी प्रकार की नीति अपनानी होगी। उन्हें अपने से पूछना चाहिए, मैं 200 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहा हूं, मुझसे उम्मीदें लगी हुई हैं, तो क्या अब मुझे 300 के स्ट्राइक रेट से खेलना चाहिए या नहीं? आपको बस सामान्य रहना है। आपको ज्यादा से ज्यादा गेंदें खेलनी हैं। उन्होंने कहा, अगर वह किसी पारी में 20 गेंदें खेलते हैं तो करीब 50 रन तक पहुंच जाएंगे। हमने संजू सैमसन के साथ भी ऐसा ही देखा है, वह 40 या 50 के स्कोर पर आउट नहीं होते बल्कि पारी को और आगे ले जाकर 85-90 के स्कोर तक पहुंचते हैं और अपनी पारी को यादगार बनाते हैं। कुंबले ने कहा, टी20 प्रारूप में आपको इसी तरह की ही बल्लेबाजी की जरूरत होती है। हो सकता है अभिषेक इस सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए बदलाव लाये। गौरतलब है कि अभिषेक टी20 विश्व कप में अधिक सफल नहीं रहे और केवल दो बार ही 50 रनों से अधिक बना पाये। अब वह 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते नजर आएंगे। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने भी कहा कि उन्हें अपनी निरंतरता पर काम करने की जरुरत है। इसका कारण है कि उनसे टीम को काफी उम्मीदें रहेंगी। उन्होंने कहा, वह अब 25 साल का है, 20 का नहीं। इसलिए यह निश्चित रूप से वह दौर है जब उसे ज्यादा जिम्मेदारी लेनी शुरू कर देनी चाहिए। मीडिया का दबाव होगा और लोग उससे और अधिक अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद करेंगे। डिविलियर्स ने कहा, हम जानते हैं कि टी20 विश्च कप के दौरान उसका प्रदर्शन थोड़ा ऊपर-नीचे रहा था, जो निराशाजनक था। फाइनल में उसने अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन इसके अलावा उसके लिए यह टूर्नामेंट इतना अच्छा नहीं रहा। गिरजा/ ईएमएस 20 मार्च 2026