न्यूयार्क,(ईएमएस)। अमेरिका से एक बेहद अनोखी और दिलचस्प खबर सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने अनोखे शौक को ऐसा रूप दिया कि वह विश्व रिकॉर्ड बन गया। न्यूयॉर्क की रहने वाली कैमीलिया आर पोल ने 38,000 से अधिक चम्मचों का संग्रह कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अनोखे कलेक्शन के कारण उनका नाम ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज हो चुका है। कैमीलिया का यह शौक कोई नया नहीं है, बल्कि उन्होंने कई वर्षों तक दुनिया के अलग-अलग देशों की यात्रा कर इन चम्मचों को इकट्ठा किया है। उनके संग्रह में विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और डिजाइनों की झलक देखने को मिलती है। हर चम्मच अपने आप में एक कहानी और उस देश की पहचान को दर्शाता है। इतना ही नहीं, कैमीलिया ने अपने इस विशाल संग्रह को लोगों के लिए खोलते हुए एक निजी म्यूजियम भी शुरू किया है, जहां लोग आकर इस अनोखी दुनिया को करीब से देख सकते हैं। खास बात यह है कि यदि वे हर दिन एक नया चम्मच इस्तेमाल करें, तो पूरे संग्रह को इस्तेमाल करने में उन्हें 100 साल से भी ज्यादा समय लग जाएगा। उनकी यह उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर किसी शौक को जुनून के साथ अपनाया जाए, तो वह एक दिन इतिहास भी बना सकता है। नंदिनी परसाई/ 20 मार्च 2026