राज्य
20-Mar-2026
...


- दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को 1-1 करोड़ की सहायता भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाएं अब कठिन समय में उनके परिवारों के लिए मजबूत सहारा बन रही हैं। हाल ही में बड़वानी और मुरैना में दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को भारतीय स्टेट बैंक की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत एक-एक करोड़ रुपए की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई। बड़वानी जिले में पदस्थ आरक्षक स्वर्गीय जयेश वर्मा का एक दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था। उनका वेतन खाता एसबीआई की अंजड़ शाखा में पुलिस सैलरी पैकेज से जुड़ा हुआ था। इसी के तहत उनके नामांकित उत्तराधिकारी को 1 करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा राशि दी गई। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने परिजनों को चेक सौंपते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसी तरह, सागर जिले में हुई एक सडक़ दुर्घटना में बीडीडीएस टीम के पुलिसकर्मियों के निधन के बाद मुरैना में आरक्षक स्वर्गीय प्रद्युम्न दीक्षित और आरक्षक स्वर्गीय अनिल कौरव के परिजनों को भी इस योजना के तहत एक-एक करोड़ रुपये की सहायता दी गई। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने परिजनों को चेक सौंपकर संवेदना व्यक्त की। आर्थिक सुरक्षा का मजबूत कवच मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज के माध्यम से कर्मचारियों को कई वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसमें आकस्मिक मृत्यु पर 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर, रियायती दरों पर होम लोन, मुफ्त डेबिट कार्ड और परिवार के लिए अतिरिक्त बीमा सुरक्षा शामिल है। विनोद / 20 मार्च 26