राज्य
20-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में ईद-उल-फितर पर हाईटेक और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज अदा की जाएगी। उत्तम नगर हत्याकांड जैसी हालिया घटनाओं के मद्देनजर 15 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। राजधानी में ईद-उल-फितर के मौके पर इस बार हाईटेक और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज अदा की जाएगी। हालिया उत्तम नगर हत्याकांड और अन्य घटनाओं को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने करीब 15 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। खास बात यह है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था में ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) का भी सहारा लिया जा रहा है, ताकि हर गतिविधि पर सटीक और त्वरित नजर रखी जा सके। दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और एआइ आधारित निगरानी सिस्टम के जरिए नजर रखी जाएगी। एआइ तकनीक की मदद से भीड़भाड़ वाली जगहों का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तुरंत की जा सकेगी, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव होगी। एडिशनल सीपी (पीआरओ) राजीव रंजन के मुताबिक, ईद को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है। सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों ने मस्जिद कमेटियों, इमामों और आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/20/मार्च/2026