अंतर्राष्ट्रीय
20-Mar-2026


लंदन (ईएमएस)। ईरान जंग के बीच हॉर्मुज स्ट्रेट में फंसी जहाजों के मुद्दों को लेकर भारत ने कड़ा रुख जाहिर किया है। ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने सभी नाविकों की सुरक्षा, नेविगेशन की आजादी, समुद्री सुरक्षा और व्यापार व एनर्जी सप्लाई चेन को सुरक्षित रखने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर जोर दिया है। 3 भारतीय नाविकों सहित निर्दोष लोगों की जान जाने पर शोक व्यक्त कर उन्होंने बातचीत और कूटनीति के जरिए तनाव कम करने की भारत की अपील को दोहराया, साथ ही इस बात पर जोर दिया कि कमर्शियल जहाजों और नागरिक समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले अस्वीकार्य हैं। लंदन में हुई आईएमओ काउंसिल भारतीय दूत ने कहा, भारत बदलती स्थिति को लेकर गहरी चिंता में है और बातचीत व कूटनीति के जरिए तनाव कम करने की लगातार अपील कर रहा है, जिसमें पूरी संयम बरतने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है। दोरईस्वामी ने सभी प्रभावित नाविकों के लिए भारत की 24x7 हेल्पलाइन का भी जिक्र किया। 2018 में भारत द्वारा स्थापित और भारतीय नौसेना द्वारा संचालित इंफॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर-इंडियन ओशन रीजन द्वारा सूचना साझा करने और बचाव प्रयासों में समन्वय स्थापित करने में निभाई गई भूमिका का भी उल्लेख किया। कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना और नागरिक समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले करना अस्वीकार्य है। ऐसे हमलों की वजह से निर्दोष लोगों की जान गई है, लोग घायल हुए हैं, और नाविकों सहित अन्य लोगों के लिए जोखिम बढ़ गया है। गौरतलब है कि इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन काउंसिल ने व्यापारिक जहाजों के खिलाफ ईरान की धमकियों और हमलों की निंदा की है, और खाड़ी क्षेत्र में नागरिक जहाजो की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय समन्वय का आग्रह किया है। आशीष दुबे / 20 मार्च 2026