नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली जल बोर्ड ने किराड़ी की 113 कॉलोनियों और तीन गांवों में हाउस सर्विस सीवर कनेक्शन को मंजूरी दी है। इससे लगभग साढ़े छह लाख लोगों को 18 साल पुरानी जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। यह निर्णय किराड़ी के निवासियों के लिए ऐतिहासिक है, जो अब सेप्टिक टैंक की सफाई पर होने वाले मासिक खर्च से भी बचेंगे। किराड़ी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली जल बोर्ड ने किराड़ी की 113 काॅलोनी और तीन गांवों के लोगों को हाउस सर्विस सीवर कनेक्शन (एचएसएससी) को मंजूरी दी है। इस निर्णय से लगभग 18 साल से जलजमाव की समस्या से जूझ रही किराड़ी को अब इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि सीवर व्यवस्था चालू होगी, वह दिन किराड़ी के लोगों के लिए ऐतिहासिक होगा। किराड़ी के लोगों की समस्या को प्रमुखता से उठाया, जिससे अब उन्हें नारकीय जीवन से मुक्ति मिलने वाली है। इस परियोजना के अंतर्गत दिल्ली जल बोर्ड तीन कैचमेंट के तहत घरों को सीवर कनेक्शन देगा। प्रताप विहार कैचमेंट के तहत 72 काॅलोनी, प्रेमनगर कैचमेंट के अंतर्गत 30 काॅलोनी और भाग्य विहार कैचमेंट के तहत 11 काॅलोनी व तीन गांवों में रहने वाले लोगों को सीवर कनेक्शन दिया जाएगा। इन तीनों कैचमेंट क्षेत्र में साढ़े छह लाख के लगभग लोग रहते हैं। जल बोर्ड की इस घोषणा से किराड़ी के लोग खुश हैं। शीश महल इन्क्लेव आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष कुशवाहा ने कहा कि यह अच्छी बात है। सीवर लाइन चालू होने के बाद, 2008 से जलभराव की समस्या झेल रहे लोगों को राहत मिल पाएगी। इसके लिए लोग सरकार का धन्यवाद। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/20/मार्च/2026