जयपुर (ईएमएस)। लालसोट पपलाज माता के 23 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित होने वाले लख्खी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मेले की तैयारियों के मद्देनजर एएसपी विनोद सिपा व डीएसपी दिलीप सिंह मीणा की अगुवाई में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रूट चार्ट तैयार किया गया। आवागमन को सुगम बनाने के लिए आने-जाने के मार्ग निर्धारित किए गए, साथ ही ड्यूटी पॉइंट, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग व बैरिकेडिंग को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने के लिए एसपी को पत्र लिखने की कार्रवाई भी की जा रही है। डीएसपी दिलीप सिंह मीणा ने बताया कि एनएच किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटाने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही हाईवे पर अवैध पार्किंग पर पूर्ण रोक लगाने और लेन सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात सुचारू बना रहे। अशोक शर्मा/ 4:40 बजे/21 मार्च 2026