तिरुवल्ला,(ईएमएस)। केरलम विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवल्ला में जनसभा को संबोधित कर राज्य में बड़े बदलाव का दावा किया। उन्होंने कहा कि “हवा बदल चुकी है” और मौजूदा लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) सरकार की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में उमड़ी भीड़ को एनडीए के प्रति जनता के भरोसे का संकेत बताया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की बड़ी भागीदारी का उल्लेख कर स्नेह और विश्वास का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि वे पहले भी केरल आ चुके हैं, लेकिन इस बार उन्हें राज्य का माहौल अलग और परिवर्तन के पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि पूरे केरल में जनता बदलाव चाहती है और यह भावना अब स्पष्ट रूप से रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आगामी चुनाव में यह जनभावना परिणामों में दिखाई देगी और पहली बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने का रास्ता साफ होगा। बात दें कि केरल में 9 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि 4 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है और रैलियों व जनसभाओं के जरिए मतदाताओं को लुभाने की कोशिश जारी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केरल में पारंपरिक तौर पर लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट और यूनाईटेड डेमोक्रेटिक फंड (यूडीएफ) के बीच मुकाबला होता रहा है। इसके बाद भाजपा और एनडीए के लिए यह चुनाव अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का अहम अवसर माना जा रहा है। आशीष दुबे / 04 अप्रैल 2026