- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के भांडेर में प्रस्तावित दौरे से पहले कलेक्टर एवं एसपी ने भांडेर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा दतिया ( ईएमएस ) | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भांडेर में 24 मार्च को प्रस्तावित किसान सम्मेलन एवं नरवाई तथा पराली प्रबंधन के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से भांडेर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल एवं संबंधित व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सबसे पहले कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने मार्गों की स्थिति एवं साफ-सफाई का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने मंडी प्रांगण पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल लगाए जाने वाले स्थानों का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत मंडी परिसर में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मंच व्यवस्था, वाहन एवं पार्किंग प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाएं, विद्युत व्यवस्था, ग्रीन रूम, सेक्टर अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। कलेक्टर श्री वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।