22-Mar-2026
...


दुमका(ईएमएस)।जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकिनाथ देवघर मुख्य मार्ग में जोगियामोड़ गांव के समीप शनिवार की देर रात्रि अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।मृतक की पहचान जरमुंडी विराजपुर निवासी 28वर्षीय मंतोष कुमार के रूप में हुई।वह विराजपुर निवासी शंकर भंडारी का द्वितीय पुत्र था।परिजनों ने बताया कि वह बाइक से आ रहा था। इसी बीच अज्ञात वाहन ने जोरदार धक्का मार दिया जिससे बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बांस के झुरमुट में जा गिरा, बांस का नुकिला भाग युवक के पेट में धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी पहुंचाया। जहां से घर वाले एवं नपं के उपाध्यक्ष रोहित कुमार राउत सहित अन्य साथी घायल युवक को बेहतर चिकित्सा के लिए देवघर कुंडा स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए।जहां युवक की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने देवघर सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मंतोष कुमार बाइक लेकर जोगिया मोड़ जा रहा था।इस दौरान अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घटना की जानकारी प्राप्त किया। मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया तथा बाद में अंतिम संस्कार कर दिया।मृतक जरमुंडी निवासी कैलाश ठाकुर का साला था। घटना को लेकर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन को तेज गति में लेकर भाग गया।इस घटना में उसकी बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। कर्मवीर सिंह/22मार्च/ 26