मुम्बई (ईएमएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने आईपीएल की अपनी पसंदीदा टीम बनायी है। हैरानी की बात ये है कि पीटरसन की इस टीम में आक्रामक बल्लेबाज रोहित शर्मा को जगह नहीं मिली है जबकि रोहित आईपीएल के इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में ही मुंबई इंडियंस ने पांच बार खिताब जीता है। वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। पीटरसन ने अपनी इस टीम में पारी की शुरुआत के लिए क्रिस गेल और विराट कोहली को चुना। इसके बाद, उन्हें एबी डी विलियर्स, सुरेश रैना, केएल राहुल, ग्लेन मैक्सवेल, ऋषभ पंत, युवराज सिंह और कीरोन पोलार्ड में से तीन मध्य क्रम के खिलाड़ी चाहिये थे। इस पर पीटरसन ने रैना और डी विलियर्स को शामिल किया पर तीसरे खिलाड़ी का नाम नहीं बताया। वहीं कप्तान और विकेटकीपर के लिए उन्होंने महेन्द्र सिंह धोनी को शामिल किया। बल्लेबाजी क्रम में उन्होंने धोनी को पांचवें 5वें नंबर पर रखा है। ऑलराउंडर के तौर पर उन्हें हार्दिक पांड्या, सुनील नरेन, रवींद्र जडेजा, ड्वेन ब्राव और आंद्रे रसेल में से दो खिलाड़ियों को चुनने का मौका था तो उन्होंने रसेल को शामिल किया। साथ ही नरेन और जडेजा को भी शामिल किया। वहीं एक स्पिनर के लिए राशिद खान, हरभजन सिंह और युजी चहल में से पीटरसन ने चहल को शामिल करते हुंए कहा कि कि वह मेरा पसंदीदा खिलाड़ी है। इसके बाद दो तेज गेंदबाजों के लिए जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा के नाम रखे गये और पीटरसन ने दोनो को ही शामिल कर लिया। इसके बाद जो टीम बनी वह इस प्रकार है : क्रिस गेल, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, सुरेश रैना, एमएस धोनी, सुनील नरेन, रवींद्र जड़ेजा, आंद्रे रसेल, युजी चहल, जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा। गिरजा/ईएमएस 23 मार्च 2026