क्षेत्रीय
23-Mar-2026
...


- दिव्य आयोजन को लेकर उमड़ा जनउत्साह कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के बांकीमोंगरा-कटघोरा मार्ग में बसे ग्राम ढप-ढप में आगामी दिव्य श्री हनुमंत कथा को लेकर इन दिनों पूरे क्षेत्र में अद्भुत धार्मिक माहौल देखने को मिल रहा है। कथा स्थल पर चल रही तैयारियों ने अब गति पकड़ ली है और हर दिशा में भक्ति, सेवा और उत्साह का संगम नजर आ रहा है। विशाल और आकर्षक पंडाल तेजी से आकार ले रहा है, जो दूर से ही अपनी भव्यता का आभास करा रहा है। मंच निर्माण, आकर्षक सजावट, साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हजारों श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। आयोजन समिति के अनुसार, 28 मार्च से 01 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस पावन कथा को लेकर ग्रामीणों सहित पूरे जिले में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कथा स्थल को आध्यात्मिक भव्यता प्रदान करने के लिए दिन-रात कार्य जारी है, जिससे यह आयोजन न केवल यादगार बने बल्कि श्रद्धालुओं के लिए सुखद और व्यवस्थित अनुभव भी प्रदान करे। इस पूरे आयोजन में स्थानीय युवाओं, कार्यकर्ताओं और धर्मप्रेमियों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है। सभी मिलकर तन-मन-धन से जुटे हुए हैं, जिससे यह धार्मिक अनुष्ठान समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सके। आयोजकों ने जिलेभर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान हनुमान की पावन कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भरें। 23 मार्च / मित्तल