न्यूयॉर्क,(ईएमएस)। न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर कनाडा के मॉन्ट्रियल से आ रही एयर कनाडा एक्सप्रेस की सीआरजे-900 फ्लाइट रनवे पर एक फायर इंजन ट्रक से टकरा गई। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के मुताबिक यह हादसा एयरपोर्ट के रनवे चार पर हुआ, जब विमान लैंड कर रहा था। टक्कर के बाद एयरपोर्ट पर तुरंत रेस्क्यू और इवैक्युएशन ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान के अगले हिस्से (नोज) को क्षतिग्रस्त दिखाया गया है। फुटेज में यह भी नजर आया कि विमान का आगे का हिस्सा ऊपर की ओर झुका हुआ था, जबकि यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा था। हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस बीच अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों के लिए ग्राउंड स्टॉप जारी कर दिया है। एफएए के नोटिस के मुताबिक यह कदम आपात स्थिति के कारण उठाया गया है और इसे बढ़ाया भी जा सकता है। एक अन्य नोटिस में एयरपोर्ट को 1800 जीएमटी तक बंद रखने की संभावना जताई गई है। फिलहाल, अधिकारियों ने घायलों की संख्या या नुकसान की कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। घटना की जांच जारी है। सिराज/ईएमएस 23मार्च26