23-Mar-2026
...


- दंपत्ति की हरकत का वीडियो वायरल जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर में प्रदेश के सबसे लंबे बने एलिवेटेड फ्लाईओवर पर आए दिन यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसी क्रम में सामने आए ताजा मामले में एक युवक फ्लाईओवर की ऊंची बाउंड्रीवॉल पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट कर रहा है और उसकी पत्नी मोबाइल कैमरे में इसे रिकॉर्ड कर रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर हाल ही में सामने आया जिसमें युवक फ्लाईओवर पर बिना किसी सहारे के रेलिंग के अंतिम छोर पर खड़ा नजर आ रहा है। ऊंचाई से गिरने के गंभीर खतरे के बावजूद रील बनाने के चक्कर में इस दंपति ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। इस वीडियो के संज्ञान में आते ही यातायात पुलिस और संबंधित थाना क्षेत्र की टीम ने फुटेज के आधार पर स्टंटबाज युवक की पहचान शुरू कर दी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के मुताबिक पूर्व में भी इस फ्लाईओवर पर स्टंट करने वाले कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उनके वाहनों के चालान काटे गए हैं। प्रशासन द्वारा बार-बार दी जा रही समझाइश और चेतावनी के बाद भी स्थानीय नागरिक रील बनाने के लिए खतरनाक कदम उठाने से बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस अब इस मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। अजय पाठक / मोनिका / 23 मार्च 2026/ 03.13