23-Mar-2026
...


- जांच में जुटी पुलिस नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में ऑटो चालकों द्वारा ठगी की घटनाएँ जारी हैं। गदाईपुर निवासी जय प्रकाश सिंह और उनकी पत्नी के साथ आनंद विहार से घर जाते समय एक ऑटो चालक ने करीब 10 लाख रुपये के गहने और नकदी चुरा ली। राजधानी में ऑटो चालकों द्वारा ठगी और चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गदाईपुर छतरपुर निवासी जय प्रकाश सिंह के साथ सामने आया, जहां शातिर ऑटो चालक ने नाटकीय अंदाज में करीब 10 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित जय प्रकाश सिंह, जो मूल रूप से मऊ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी के साथ लिच्छवी एक्सप्रेस से एक पारिवारिक शादी से लौट रहे थे। सुबह करीब 4 बजे उन्होंने आनंद विहार रेलवे स्टेशन से गदाईपुर जाने के लिए एक ऑटो लिया। चालक ने पहले 700 रुपये मांगे, लेकिन मोलभाव के बाद 400 रुपये में सौदा तय हुआ। पीड़ित के अनुसार, ऑटो में दोनों तरफ पर्दे लगे थे जिससे अंदर अंधेरा था। रास्ते में चालक ने एक अन्य व्यक्ति को भी बैठा लिया। कुछ ही दूरी पर ऑटो चालक ने वाहन खराब होने का बहाना बनाकर उन्हें दूसरे ऑटो में बैठा दिया। दूसरे ऑटो में पहले से ही एक व्यक्ति मौजूद था और पहले ऑटो का संदिग्ध भी उसी में सवार हो गया। इस तरह ऑटो में कुल पांच लोग मौजूद थे। प्रगति मैदान के पास पहुंचने पर दूसरा चालक सीएनजी भरवाने का बहाना बनाकर चला गया और वापस नहीं लौटा। शक होने पर दंपत्ति ने अपना सामान चेक किया, लेकिन तत्काल कुछ गड़बड़ी नजर नहीं आई। इसके बाद वे कैब से अपने घर लौट गए। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/मार्च/2026