राज्य
23-Mar-2026


भोपाल (ईएमएस) । रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व अत्यंत श्रद्धा, विश्वास एवं धर्मभावना के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्रि के पाँचवें दिन माँ स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा अर्चना संपन्न की गई। माँ स्कंदमाता, भगवान कार्तिकेय (स्कंद) की माता हैं। इन्हें चार भुजाओं वाली देवी के रूप में वर्णित किया गया है दो हाथों में कमल पुष्प, एक हाथ में बाल रूप में भगवान स्कंद तथा एक हाथ वरद मुद्रा में रहता है। इनका वाहन सिंह है तथा ये कमल पर विराजमान रहती हैं, इसी कारण इन्हें पद्मासना देवीÓ भी कहा जाता है। माँ स्कंदमाता ममता, वात्सल्य, करुणा एवं दिव्य प्रेम की साक्षात प्रतीक हैं। इनकी उपासना से संतान सुख की प्राप्ति, बच्चों की रक्षा, बुद्धि एवं विवेक की वृद्धि तथा आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। माँ की कृपा से जीवन के भय, कष्ट एवं बाधाएँ दूर होती हैं तथा मन को शांति, परिवार में सुख समृद्धि एवं हृदय की पवित्रता प्राप्त होती है। चैत्र नवरात्रि के पाँचवें दिन, सोमवार को प्रात: 8:00 बजे पंडित जी के मार्गदर्शन में यजमान श्री राजेंद्र चक्रवर्ती एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रेखा चक्रवर्ती द्वारा श्रद्धापूर्वक एवं विधि-विधान से माँ स्कंदमाता का पूजन संपन्न किया गया। इस अवसर पर मंदिर में लाल रोशनी (लाल प्रकाश) का विशेष महत्व बताया गया। लाल रंग शक्ति, ऊर्जा, उत्साह एवं माँ भगवती की दिव्य शक्ति का प्रतीक है। मंदिर में लाल प्रकाश की स्थापना माँ स्कंदमाता की कृपा, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक वातावरण को जागृत करने का माध्यम मानी जाती है, जिससे भक्तों को विशेष आशीर्वाद एवं आंतरिक शांति की अनुभूति होती है। आशीष पाराशर/23मार्च2026