23-Mar-2026


भोपाल (ईएमएस) । पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में कार्यरत रेलकर्मियों की सतर्कता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा के चलते विभिन्न स्थानों पर संभावित रेल दुर्घटनाओं को समय रहते टाल दिया गया। इन सराहनीय कार्यों के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री पंकज त्यागी द्वारा 07 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। फरवरी एवं मार्च 2026 के दौरान मंडल के विभिन्न सेक्शनों में घटित घटनाओं में कर्मचारियों ने अपनी सूझबूझ से असामान्य परिस्थितियों को पहचाना और त्वरित कार्रवाई कर रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखा। 28.02.2026 को दीपेश पटेल प्वांट्समेन पावरखेड़ा ने गाड़ी संख्या 12192 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस ट्रेन में असामान्य गंध महसूस होने पर तत्काल सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया गया, जांच में ब्रेक ब्लॉक जाम पाए गए, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई। इसी प्रकार 27.02.2026 को के. जी. साहू गुड्स ट्रेन मेनेजर इटारसी द्वारा बुधनी स्टेशन पर गुड्स ट्रेन मैनेजर द्वारा जलने की गंध महसूस होने पर जांच कराई गई, जिसमें कई वैगनों के ब्रेक ब्लॉक जाम पाए गए। 01.03.2026 को उप स्टेशन प्रबंधक लोकेश प्रजापति द्वारा चारखेड़ा खुर्द स्टेशन पर एक वैगन में हॉट एक्सल का पता लगाकर ट्रेन को रोका गया और आवश्यक कार्रवाई की गई। 03.03.2026 को गुड्स ट्रेन मेनेजर इटारसी वीरेंद्र कुमार के द्वारा पीएसएसएस साइडिंग में एक वैगन में तकनीकी खराबी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी द्वारा उसे अलग कर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया। 04.03.2026 को प्वांट्समेन देवेन्द्र चौरे द्वारा पावरखेड़ा स्टेशन पर ट्रेन के तीन वैगनों में ब्रेक ब्लॉक जाम पाए जाने पर ट्रेन को रोककर सुधार कार्य कराया गया। 06.03.2026 को स्टेशन प्रबंधक राजकुमार सिंह द्वारा सोरई स्टेशन पर एक वैगन से धुआं निकलते देख स्टेशन प्रबंधक द्वारा तुरंत ट्रेन को रुकवाया गया और जांच में ब्रेक ब्लॉक जाम पाए गए। इसके अतिरिक्त, गुना-ग्वालियर सेक्शन में रात्रि गश्त के दौरान ट्रैक मेंटेनर गुना पिन्तूराम मीना द्वारा एक मालगाड़ी के वैगन में हॉट एक्सल का पता लगाकर समय रहते ट्रेन को रुकवाया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। इन सभी घटनाओं में संबंधित रेलकर्मियों की तत्परता एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के कारण रेलवे संपत्ति एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। मंडल रेल प्रबंधक ने इन कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सतर्कता और समर्पण ही सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। आशीष पाराशर/23मार्च2026