- सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करें सागर (ईएमएस)। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, टीकाकरण के बाद 30 मिनट की निगरानी अनिवार्य, सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने जिले में चल रहे एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण पूरी सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। टीका लगने के बाद प्रत्येक बालिका को कम से कम 30 मिनट तक अनिवार्य रूप से निगरानी कक्ष में रखा जाए। टीकाकरण केंद्रों पर इसके लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था और पेयजल के प्रबंध होने चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय से काम करने को कहा ताकि स्कूल जाने वाली और स्कूल न जाने वाली सभी पात्र बालिकाओं को कवर किया जा सके। कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की भ्रांति को तुरंत स्पष्ट किया जाए। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षकों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें, क्योंकि यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करता है। निखिल सोधिया/ईएमएस/23/03/2026