राज्य
24-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट पेश करने से कुछ घंटे पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली। खालिस्तानी समर्थकों द्वारा भेजे गए दो ईमेल के बाद हड़कंप मच गया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भी धमकी मिली। राजधानी में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट पेश करने से कुछ घंटे पहले दी गई। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पहला धमकी भरा ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा को भेजा गया, जबकि दूसरा ईमेल 7:49 बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को मिला। यह दूसरा मौका है जब उनको ऐसी धमकी मिली है। गुप्ता को यह धमकी उनके पर्सनल ई-मेल पर मिली है। धमकी भरा मेल खालिस्तानी समर्थक से आया है। धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुप्ता के पास फिलहाल वाई श्रेणी की सुरक्षा है। सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा समेत कई हाई-प्रोफाइल नेताओं का जिक्र किया गया है। फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही, किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए एंटी-सबोटाज जांच भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/मार्च/2026