राज्य
24-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। बवाना औद्योगिक क्षेत्र के एक प्लाईवुड गोदाम में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। दमकल की 17 गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक दमकलकर्मी प्रशांत के हाथ में मामूली चोट लग गई। बाहरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक प्लाइवुड गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और 17 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के अनुसार आग लगने की सूचना तड़के करीब 3:55 बजे मिली। आग सेक्टर-2 स्थित एन-219, गंगा टोली मंदिर के पास बने एक प्लाइवुड गोदाम में लगी थी, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के कर्मचारी प्रशांत के हाथ में हल्की चोट लग गई। उन्हें तुरंत महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। उपचार के बाद प्रशांत वापस अपने फायर स्टेशन लौट गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि गोदाम में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के चलते आग तेजी से फैल गई। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/मार्च/2026