गिरफ्तार आरोपियों से 1 लाख की नगदी बाइक सहित ढाई लाख का माल जप्त भोपाल(ईएमएस)। पुलिस से बचने के लिये जुआरियो ने गुनगा इलाके में रात के समय बगराज पहाड़ी पर जुए की फड़ जमाई और बेफिक्र होकर पत्तो पर दांव लगाने लगे। लेकिन उनकी चालाकी काम नहीं आई और देहात इलाके की तीन थानो की पुलिस टीम ने एक साथ कार्यवाही करते हुए उन्हें पकड़ लिया। आधी रात को थाना नजीराबाद, थाना परवलिया सड़क और थाना गुनगा पुलिस टीम की संयुक्त टीम ने साइबर टीम की मदद से पहाड़ी पर ही दबिश देते हुए तीन जुआरियो को धर दबोचा वहीं कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। अधिकारियो से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात मुखबिर से सूचना मिली की थाना गुनगा इलाके में स्थित ग्राम बगराज पहाड़ी स्थित बन रही गौशाला के पास कुछ लोग ताश के पत्तो पर हार-जीत दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। खबर मिलने पर अफसरो ने थाना नजीराबाद, परवलिया सड़क और गुनगा थाने सहित साइबर अपराध शाखा की संयुक्त टीम गठित की। बाद में पुलिस टीम ने देर रात को पहाड़ी पर दबिश देते हुए घेराबंदी कर 3 आरोपियों को रंगे हाथो गिरफ्तार कर लिया हालांकि इस दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पकड़े गये आरोपियों की पहचान सोनू अहिरवार पिता हरिकिशन अहिरवार (33) निवासी ग्राम रायपुरा, अभिषेक पाल पिता श्यामलाल पाल (30), नरेश नागर पिता प्रभु लाल नागर (49) दोनो निवासी ग्राम हिनौती सड़क के रुप में हुई है। कार्रवाही के दौरान टीम ने मौके से 1 लाख से अधिक की नगदी 3 मोबाइल, ताश के पत्ते बाइक सहित 2 लाख 40 हजार का माल जप्त किया है। आरोपियों के खिलाफ गुनगा थाने में जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। जुनेद / 24 मार्च