दिल्ली में आप सरकार के साथ ही खुद की सीट गंवाने पर केजरीवाल ने निकाली टीस नई दिल्ली,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी प्रमुख और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर अपनी हार को लेकर केंद्र सरकार पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। दिल्ली में अपनी सरकार के साथ ही खुद की सीट गंवाने के महीनों बाद केजरीवाल ने वह टीस जाहिर की और आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करके उन्हें हराया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत की किताब विमोचन के अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अपनी हार का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह जेल में थे तो बीजेपी ने बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम कटवा दिए और इस वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। केजरीवाल ने कहा कि ऐसे में सवाल उठता है कि ये जीत कैसे रहे हैं? उन्होंने नई दिल्ली सीट से अपनी हार को मिसाल बताते हुए कहा, ‘जब मैं जेल गया, जेल जाने से पहले जब मैं पिछली बार लड़ा तो मुझे 1.48 लाख वोट मिले। जब मैं जेल से लौटकर आया 1.06 लाख वोट बचे थे। 42 हजार वोट उन्होंने कटवा दिए। करीब 30 फीसदी वोट मेरी विधानसभा से कटवा दिए, 3000 वोट से जीत गए। पिछली बार मैं 30 हजार वोट से जीता था। इस तरह जीत रहे हैं। बेईमानी करके जीतते हैं। वोट जोड़ते हैं, डिलीट कराते हैं, फर्जी वोट कराते हैं, ईवीएम में हेराफेरी करवाते हैं।’ कथित शराब घोटाले से जुड़े केस में जेल जाने की घटना और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई के संदर्भ में केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी और इसकी सरकार जब जाएगी तो इनके खिलाफ लड़ाई में उनका नाम भी फ्रीडम फाइटर के रूप में आएगा। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि जब देश को इनसे मुक्ति मिलेगी तो इस लड़ाई में हमने भी थोड़ा योगदान किया था। हम भी जेल गए थे। हम भी इस लड़ाई के फ्रीडम फाइटर थे। पूर्व सीएम ने कहा कि इस देश की जनता ने तीन बार इतना बड़ा बहुमत दिया। देश याद करता। 12 साल हो गए, किसी देश के इतिहास में कम नहीं होता। इनका पूरा कालखंड काले अक्षरों में लिखा जाएगा। सिराज/ईएमएस 24मार्च26 -------------------------------