-छात्राओं का पास प्रतिशत 94.20 फीसदी, छात्रों का 93.63 फीसदी रहा जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने मंगलवार को 10वीं परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए। इस साल का परिणाम न केवल रिकॉर्ड समय में आया है बल्कि सफलता के आंकड़ों ने भी नया कीर्तिमान स्थापित किया। कुल 94.23फीसदी विद्यार्थियों ने इस कठिन परीक्षा को पास कर अगली कक्षा में कदम रखा है। एक बार फिर राजस्थान की बेटियों ने साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं। बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक छात्राओं का पास 94.20फीसदी और छात्रों का 93.63फीसदी रहा। इस साल कुल 10,66,561 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था जिनमें से छात्राओं का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा है। रिजल्ट चेक करने के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर दर्ज करें और सबमिट बटन दबाएं। आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर आ जाएगी। एसएमएस के जरिए भी रिजल्ट देख सकते हैं। छात्र अपने आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से डिजिलॉकर ऐप में लॉगिन करके अपनी डिजिटल प्रोविजनल मार्कशीट सुरक्षित रूप से डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड के नियमों के मुताबिक सफल होने के लिए हर विषय में कम से कम 33फीसदी अंक लाना अनिवार्य है। जो छात्र एक या दो विषयों में 33फीसदी का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं उन्हें बोर्ड सप्लीमेंट्री परीक्षा के जरिए पास होने का एक और मौका देगा। इसकी तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। इस बार बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहद तेजी से पूरा किया ताकि नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू हो सके। नतीजे समय से पहले आने से छात्रों को अब अपनी पसंद की स्ट्रीम चुनने और आगे की पढ़ाई की योजना बनाने के लिए भरपूर समय मिलेगा। सिराज/ईएमएस 24मार्च26