राष्ट्रीय
24-Mar-2026


* पिछले वर्ष से 4 मिलियन टन अधिक लदान, ऑपरेशन और कमर्शियल टीम की रणनीति सफल अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल लदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 23 मार्च 2026 तक 50.10 मिलियन टन (एमटी) का आंकड़ा सफलतापूर्वक पार कर लिया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 4 मिलियन टन अधिक है, जो मंडल की सतत प्रगति एवं कार्यकुशलता को दर्शाता है। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में अहमदाबाद मंडल के परिचालन एवं वाणिज्य विभागो की टीम द्वारा अपनाई गई प्रभावी रणनीतियों—जैसे रीयल-टाइम मॉनिटरिंग, त्वरित निर्णय प्रक्रिया एवं संसाधनों का इष्टतम उपयोग—ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वित्तीय वर्ष 2022-23 में मंडल द्वारा 50.38 मिलियन टन का सर्वोच्च लदान दर्ज किया गया था। वर्तमान वित्तीय वर्ष में पुनः 50 मिलियन टन का आंकड़ा पार करना अहमदाबाद मंडल की निरंतर प्रगति एवं उच्च कार्य निष्पादन क्षमता को दर्शाता है। अहमदाबाद मंडल द्वारा मालगाड़ियों के सुचारु एवं समयबद्ध संचालन, रेक की प्रभावी उपलब्धता एवं उपयोग, टर्नअराउंड समय में कमी तथा लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रियाओं के कुशल प्रबंधन के माध्यम से इस लक्ष्य को प्राप्त किया गया है। साथ ही, ग्राहकों के साथ सतत संवाद, नई संभावनाओं की पहचान एवं ग्राहक-अनुकूल सेवाओं के विस्तार से माल लदान में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की गई है। अहमदाबाद मंडल द्वारा कोयला, सीमेंट, उर्वरक, कंटेनर एवं पेट्रोलियम उत्पादों सहित विभिन्न वस्तुओं के लदान में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि क्षेत्रीय औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिली है। यह उपलब्धि पश्चिम रेलवे की “परिचालन उत्कृष्टता, ग्राहक संतुष्टि एवं सतत विकास” की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है एवं यह उपलब्धि मंडल की सुदृढ़ कार्यप्रणाली, कुशल प्रबंधन एवं समन्वित प्रयासों का प्रतिफल है। उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष में अहमदाबाद मंडल भारतीय रेल में नमक, कंटेनर, उर्वरक तथा पेट्रोलियम, ऑयल एवं लुब्रिकेंट्स (पीओएल) जैसे प्रमुख वस्तुओं के माल लदान में प्रथम स्थान पर रहा है, जो मंडल के उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है। अहमदाबाद मंडल भविष्य में भी नवाचार, दक्षता एवं समर्पित प्रयासों के माध्यम से नए कीर्तिमान स्थापित करने हेतु प्रतिबद्ध है। सतीश/24 मार्च