मुरैना ( ईएमएस ) | भारतीय वायु सेना द्वारा युवाओं में देशभक्ति की भावना जाग्रत करने एवं उन्हें वायु सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित करने हेतु 23 एवं 24 मार्च तक 02 दिवसीय जिला स्तरीय सेमिनार शासकीय आईटीआई मुरैना, शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय मुरैना एवं राज राजेश्वरी आईटीआई मुरैना में आयोजित की गई। जिसमें प्राचार्य एवं संचालकों ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के उपरांत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ से वायु सेना के सार्जेंट राजीव खटाना एवं सार्जेंट रविन्द्र वनवे ने सेमिनार की जानकारी से अवगत कराया। कार्यक्रम में वायु सेना के सार्जेंट राजीव खटाना एवं सार्जेंट रविन्द्र वनवे उपस्थित रहे। उन्होंने वायु सेना की स्थापना, उद्देश्य, कार्यप्रणाली और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी। सार्जेंट श्री राजीव खटाना ने अग्निवीर वायु बनने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी और आवश्यक शैक्षणिक योग्यता पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी श्री राम जादोन ने सभी का स्वागत करते हुए पब्लिसिटी ड्राइव आयोजित कराने में सहयोग प्रदान किया।