क्षेत्रीय
24-Mar-2026
...


कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले-मंडला में शराबबंदी कागजों तक सीमित मंडला (ईएमएस)! मंडला में 2026-27 के लिए शराब दुकानों के ई-टेंडर में 148 करोड़ रुपए से ज्यादा की रिकॉर्ड बोली लगी है। यह बोली पिछले साल की तुलना में करीब 52 प्रतिशत अधिक है। जिले की 21 दुकानों को सात समूहों में बांटकर यह प्रक्रिया पूरी की गई। नर्मदा तट पर बसे मंडला शहर में शराब बिक्री पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद इतनी बड़ी बोली लगना अब चिंता का कारण बन गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर में शराब बेचना प्रतिबंधित है, तो ठेकेदार अपनी लागत कैसे निकालेंगे। बढ़ी हुई बोली के बाद यह आशंका भी जताई जा रही है कि मंडला में अवैध शराब का कारोबार बढ़ सकता है। पहले भी शहर में अवैध शराब को लेकर चर्चाएं होती रही हैं, और अब हालात और बिगड़ने का डर है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहा कि सरकार को ज्यादा राजस्व मिलना भले अच्छा हो, लेकिन मंडला जैसी पवित्र नगरी के लिए यह चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि यहां शराबबंदी केवल कागजों तक सीमित नजर आती है। वहीं भाजपा नेता सुधीर कसार ने कहा कि राजस्व बढ़ना सामान्य बात है, लेकिन धार्मिक शहर के लिए इतनी बड़ी बोली ठीक संकेत नहीं है। उन्होंने बताया कि नर्मदा के 5 किलोमीटर क्षेत्र में शराबबंदी के आदेश हैं, फिर भी इतनी बोली कई सवाल खड़े करती है। जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडे ने कहा कि विभाग सरकार के निर्देशों के अनुसार काम करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस के साथ मिलकर नर्मदा तट की पवित्रता बनाए रखने की कोशिश की जाएगी। ईएमएस/मोहने/24 मार्च 2026