मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह अपने प्रोडक्शन हाउस के जरिए आउटसाइडर्स को मौका देंगी। अभिनेत्री के इस बयान को इंडस्ट्री में नई सोच और बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, आलिया भट्ट अपनी नई प्रोडक्शन फिल्म ‘डोंट बी शाई’ के लॉन्च इवेंट में शामिल हुई थीं, जो अमेजन प्राइम विडियो के एक बड़े कार्यक्रम के दौरान पेश की गई। इस इवेंट में कई अन्य प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की गई, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान आलिया और फिल्ममेकर करण जौहर के बीच हुई बातचीत ने खींचा। इवेंट के दौरान करण जौहर ने मजाकिया अंदाज में आलिया की तारीफ करते हुए कहा कि वह अब एक समझदार और अनुभवी प्रोड्यूसर बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आलिया के जवाब उनके सवालों से काफी अलग और परिपक्व होते हैं। इस पर आलिया ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि एक्टर्स को लॉन्च करने का एक तरीका होता है। बातचीत को आगे बढ़ाते हुए करण जौहर ने मजाक में कहा कि शायद उन्हें एक्टर्स को लॉन्च करने के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने आलिया को याद दिलाया कि उन्होंने उन्हें फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के जरिए लॉन्च किया था। इस पर आलिया ने हल्के अंदाज में कहा कि उन्हें हमेशा सिखाया गया है कि हर चीज की एक सही टाइमिंग होती है। इसी दौरान करण जौहर ने अहम सवाल पूछा कि क्या आलिया जिन नए कलाकारों को लॉन्च करने जा रही हैं, वे आउटसाइडर्स होंगे। इस पर आलिया ने बिना झिझक ‘हां’ में जवाब दिया। उनका यह जवाब सुनकर करण जौहर ने भी उनकी सराहना करते हुए कहा कि उन्हें आलिया पर गर्व है। अगर फिल्म ‘डोंट बी शाई’ की बात करें तो यह एक 20 साल की लड़की श्यामिली उर्फ ‘शाई’ दास की कहानी है, जो अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेती है। उसे लगता है कि उसने सब कुछ प्लान कर लिया है, लेकिन अचानक उसकी जिंदगी में ऐसे मोड़ आते हैं जो उसे पूरी तरह बदल देते हैं। फिल्म में एक साधारण लड़की के असाधारण सफर को भावनात्मक और प्रेरणादायक अंदाज में दिखाया जाएगा। यह फिल्म आलिया भट्ट के प्रोडक्शन हाउस इटरनल सनशाइन प्रोडक्शन और चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट के सहयोग से बनाई जा रही है। सुदामा/ईएमएस 25 मार्च 2026