मनोरंजन
25-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। सोशल मीडिया पर बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रुति हासन काफी एक्टिव रहती हैं। एक्ट्रेस अक्सर अपने फैंस के साथ दिलचस्प अपडेट साझा करती नजर आती हैं। हाल ही में उन्होंने एक आसान और हेल्दी स्नैक रेसिपी शेयर की है, जो काफी पसंद की जा रही है। इस रेसिपी को खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है, जो हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना चाहते हैं लेकिन कम समय में कुछ पौष्टिक खाना भी चाहते हैं। श्रुति ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए बताया कि छुट्टी के दिन वह स्क्रिप्ट पढ़ने के साथ-साथ सोशल मीडिया भी देखती हैं। इसी दौरान उन्हें एक सिंपल स्नैक रेसिपी मिली, जिसे उन्होंने खुद ट्राई किया। यह रेसिपी उन्हें इतनी पसंद आई कि उन्होंने इसे अपने फैंस के साथ शेयर करने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि यह स्नैक न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता। इस हेल्दी स्नैक का नाम “वेनिला ग्रीक योगर्ट स्नैक विद डेट्स” है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले खजूर को साफ कर लिया जाता है और जरूरत हो तो उसे थोड़ी देर गुनगुने पानी में भिगोकर नरम किया जा सकता है। इसके बाद खजूर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है। फिर एक बाउल में वेनिला ग्रीक योगर्ट लेकर उसमें कटे हुए खजूर मिला दिए जाते हैं। इसके ऊपर थोड़ा सा एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल डालने से इसका स्वाद और बेहतर हो जाता है। अंत में ऊपर से हल्का सा नमक छिड़क कर इसे अच्छे से मिक्स किया जाता है। इसे तुरंत खाया जा सकता है या कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा करके भी सर्व किया जा सकता है। यह स्नैक पोषण से भरपूर है और इसके कई स्वास्थ्य लाभ भी बताए जा रहे हैं। खजूर शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करता है, जबकि ग्रीक योगर्ट में मौजूद प्रोटीन लंबे समय तक पेट भरा रखने में सहायक होता है। साथ ही यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और गट हेल्थ को सुधारता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं। सुदामा/ईएमएस 25 मार्च 2026