व्यापार
25-Mar-2026


नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पूर्व प्रमुख आलोक सिंह को अपना नया मुख्य रणनीति अधिकारी नियुक्त किया है। वह 6 अप्रैल 2026 से अपने पद पर कार्यभार संभालेंगे। यह कदम कंपनी की रणनीति को मजबूत करने और परिचालन स्थिरता सुनिश्चित करने के प्रयास के तहत उठाया गया है। कंपनी के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स ने 10 मार्च 2026 से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे का कारण दिसंबर 2025 में हुए गंभीर परिचालन संकट से उत्पन्न दबाव बताया गया है। इस बीच राहुल भाटिया, प्रबंध निदेशक, अंतरिम रूप से सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और संचालन की निगरानी कर रहे हैं। 3 से 5 दिसंबर के बीच कंपनी को 2500 से अधिक उड़ानें रद्द और लगभग 1800 उड़ानें विलंबित करनी पड़ीं, जिससे तीन लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए। डीजीसीए ने शीतकालीन कार्यक्रम में 10 फीसदी कटौती, 22 करोड़ रुपये जुर्माना, और 50 करोड़ रुपये बैंक गारंटी जमा कराने का आदेश दिया। कंपनी अब नई रणनीतियों और प्रबंधन सुधारों के माध्यम से अपने परिचालन को मजबूती दे रही है। सतीश मोरे/25मार्च ---