मुम्बई (ईएमएस)। आरसीबी के नये चेयरमैन बने आर्यमान विक्रम बिरला भी एक समय क्रिकेटर रहे हैं। उन्होंने राज्स्थान रॉयल्स की ओर से खेला है। तब आर्यमान ने रजत पाटीदार के साथ पारी की शुरुआत भी की थी। ऐसे में उन्हें क्रिकेट की गहरी समझ है। आरसीबी को आदित्य बिरला ग्रुप की अगुआई वाली एक कंसोर्टियम ने 1.78 अरब तकरीबन 16660 करोड़ रुपये में खरीदा है। वहीं साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत के समय किंगफिशर के विजय माल्या ने आरसीबी को 11.16 करोड़ डॉलर यानी करीब 464 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस तरह फ्रेंचाइजी की कीमत साल 2008 से अब तक 1495 फीसदी बढ़ गई है। आर्यमान मशहूर उद्योगपति परिवार बिरला से आते हैं। आर्यमान बिरला की हमेशा से खेल में रुचि रही और वह मध्य प्रदेश की तरफ से बल्लेबाज के तौर पर घरेलू क्रिकेट में उतरे हैं। आर्यमान ने साल 2017 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। 2018 में ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान में उन्होंने बंगाल के खिलाफ शतक लगाया था। आर्यमान ने अपने करियर में 9 फर्स्ट क्लास मैच खेले जिसमें उनके नाम 27.60 की औसत से 414 रन दर्ज हैं। इनमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। 2018 की आईपीएल नीलामी में आरआर ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। वहीं आईपीएल 2020 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने बिरला को रिलीज कर दिया था। उसके बाद बिरला ने क्रिकेट से दूरी बना ली थी। आर्यमान ने अंतिम बार जनवरी 2019 में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला था। तब उन्होंने इंदौर में आंध्र प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। उसके बाद वह कभी पेशेवर क्रिकेट नहीं खेले। 28 वर्ष के आर्यमान विक्रम बिरला आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद आरसीबी की चेयरमैनशिप संभालेंगे। टाइम्स इंटरनेट लिमिटेड के चेयरमैन सत्यन गजवानी आरसीबी के वाइस-चेयरमैन होंगे। ईएमएस 25 मार्च 2026