खेल
25-Mar-2026


बेंगलुरु (ईएमएस)। राजस्थान रॉयल्स के बाद अब आईपीएल फ्रैंचाइजी रॉयल चैलेजर्स बेंगुलरु (आरसीबी) भी बिक गयी है। यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) की अगुवाई वाले इस समूह को आदित्य बिरला ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन ने मिलकर (1.78 अरब डॉलर) करीब 16,660 करोड़ रुपये में खरीदा है। इस सौदे में आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों ही टीमों को शामिल किया गया है। इसी के साथ ही ये सबसे महंगा सौदा बना गया है। इससे पहले रॉयल्स का करार 1.63 अरब डॉलर करीब 15,289 करोड़ में हुआ था। आरसीबी के सौद के बाद आदित्य बिरला समूह के आर्यमान बिड़ला आरसीबी के चेयरमैन बनाये गये हैं जबकि टाइम्स इंटरनेट इंडिया लिमिटेड के सत्यन गजवानी उप प्रमुख होंगे। इस कंसोर्टियम में शामिल अन्य लोग बोल्ट वेंचर्स के फाउंडर डेविड ब्लिट्जर और बीएक्सपीई के सीईओ विरल पटेल हैं। इन चार ग्रुप्स के एक ग्रुप ने आरसीबी की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए करार किया है। हालांकि, इस सौदे को अभी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और आईपीएल संचालन समिति के साथ-साथ महिला प्रीमियर लीग और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से औपचारिक मंजूरी लेनी होगी। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स को अमेरिका स्थित काल सोमानी के समूह ने 1.63 अरब डॉलर में खरीदा था। आईपीएल की इन दो टीमों को नई ओनरशिप आईपीएल 2026 के बाद मिलेगी। इसकी आधिकारिक घोषणा भी जल्द हो सकती है। आरसीबी के नये चेयरमैन आर्यमान स्वयं एक क्रिकेटर रहे हैं। वहीं आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने एक बयान में कहा, ‘पिछले दो दशकों में आईपीएल वैश्विक स्तर पर खेल का पावरहाउस बना है, जिसने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया है और भारत की गरिमा को बढ़ाया है। आधुनिक समय मे आरसीबी सबसे जबरदस्त फ्रेंचाइजी में से एक है, जो आदित्य बिड़ला ग्रुप को अपनी विरासत को वैश्विक खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म देती है। हम इस संपत्ति के संरक्षक बनकर खुश हैं और इस असाधारण विरासत को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ ईएमएस 25 मार्च 2026