- अफवाह से सारंगपुर में मचा हड़कंप - पेट्रोल पंपो पर लगी पुलिस की ड्यूटी सारंगपुर (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरों का असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिलने लगा है। गैस आपूर्ति को लेकर पहले से बनी अनिश्चितता के बीच अब पेट्रोल और डीजल को लेकर भी लोगों में आशंका का माहौल बनने लगा है। मंगलवार शाम को नगर में अचानक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई स्थानों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और लोगों में असमंजस का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम अचानक नगर में यह अफवाह फैल गई कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बंद होने वाली है या जल्द ही खत्म हो सकती है। इस खबर के फैलते ही वाहन मालिकों में घबराहट का माहौल बन गया और लोग अपने दोपहिया व चारपहिया वाहनों के साथ पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते नगर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। स्थिति यह रही कि कई पेट्रोल पंपों पर लोगों को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहनों की कतारें सड़क तक पहुंच गईं। यही स्थिति बुधवार को भी देखी गई। कुछ जगहों पर अचानक बढ़ी भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई, हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और लोगों को शांत रहने की समझाइश भी दी। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण पेट्रोल पंप कर्मचारियों को भी व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।कर्मचारियों को लगातार वाहनों की भीड़ के बीच ईंधन आपूर्ति करनी पड़ी और कई जगह लोगों को क्रम से लाइन में लगने के लिए कहा गया। शाम के समय कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक वाहन पहुंच गए, जिससे पंपों पर असामान्य भीड़ का दृश्य देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए पेट्रोल पंपो पर पुलिस जवानो की ड्यूटी लगाई गई जो व्यवस्था को संभाल रहे थे । स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के माध्यम से यह खबर तेजी से फैली कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण पेट्रोल-डीजल की कमी हो सकती है। कुछ लोगों ने यह भी कहना शुरू कर दिया कि यदि ईरान-अमेरिका के बीच तनाव और बढ़ा तो इसका असर भारत सहित कई देशों की तेल आपूर्ति पर पड़ सकता है। इसी आशंका के चलते लोगों ने एहतियातन अपने वाहनों में ईंधन भरवाना शुरू कर दिया। हालांकि नगर मे स्थित पेट्रोल पंप संचालक मोहम्मद अली का कहना है कि फिलहाल नगर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेल कंपनियों की ओर से नियमित रूप से सप्लाई प्राप्त हो रही है और पंपों पर ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें। कैनो मे पेट्रोल व डीजल भरवाने से बनी विवाद की स्थिति पेट्रोल , डीजल की किल्लत की अफवाहो के कारण बडी संख्या मे लोग कैन लेकर पंपो पर पहुचे और पेट्रोल , डीजल भरवाने लगे जिससे अन्य वाहन चालको मे आक्रोष पैदा होने लगा तब पंप कर्मचारियो व पुलिस जवानो ने स्थिति को संभाला और लोगो को बारी बारी से ईधन की सप्लाय होने लगी सरकार के पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल व डीजल है वर्तमान में सरकार के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से सप्लाई जारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में अफवाहें स्थिति को और गंभीर बना सकती हैं, इसलिए नागरिकों को केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करना चाहिए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बिना वजह घबराकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं और अफवाहों से बचें। तथा कैनो मे पेट्रोल , डीजल ने भरवाए । प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा यदि किसी प्रकार की गलत जानकारी फैलाने का मामला सामने आता है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। - रोहित बम्होरे एसडीएम सारंगपुर नरेन्द्र जैन / 25 मार्च 26