सारंगपुर (ईएमएस)। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित (जल गंगा संवर्धन अभियान) के अंतर्गत सारंगपुर में कालीसिंध नदी एवं उसके घाटों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनभागीदारी के उत्साह और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। अभियान में सारंगपुर विधायक एवं राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति रही। एसडीएम रोहित बम्होंरे, एसडीओपी अरविंद सिंह, हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष डॉ. ध्रुव भल्ला सहित अन्य अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान कपिल मुनि के पावन धाम एवं माँ कालीसिंध के तट पर श्रमदान कर नदी और घाटों की साफ-सफाई की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने स्वयं हाथों में सफाई उपकरण लेकर नदी किनारे जमा गंदगी को हटाया और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान नदी तट पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संचय को लेकर जागरूकता का माहौल बना रहा। मुख्य अतिथि डॉ. गौतम टेटवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जल शक्ति से नव भक्ति और सुरक्षित जल – समृद्ध कल केवल नारे नहीं, बल्कि समाज के लिए दिशा देने वाले संदेश हैं। उन्होंने कहा कि जल संकट आने वाले समय की सबसे बड़ी चुनौती है और इससे निपटने के लिए अभी से सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाएं और जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि नदियों, तालाबों, कुओं और बावड़ियों जैसे पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही भू-जल स्तर में सुधार और जल संचय को बढ़ावा देना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिवस के अवसर पर इसे विशेष रूप से जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया गया। नगर पालिका परिषद सारंगपुर के अधिकारी-कर्मचारी, जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता, गौ सेवा समिति, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूल और कॉलेज के शिक्षक-छात्र तथा बड़ी संख्या में नगरवासी इस अभियान का हिस्सा बने। अभियान के अंत में नगर पालिका सीएमओ दीपक रानवे ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना इस प्रकार के अभियान सफल नहीं हो सकते। उन्होंने आशा जताई कि यह पहल भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी और शहर के अन्य जल स्रोतों को भी इससे लाभ मिलेगा। समापन अवसर पर राज्यमंत्री डॉ. टेटवाल ने उपस्थित नागरिकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यदि इसी तरह जनभागीदारी बनी रही तो सारंगपुर न केवल स्वच्छता बल्कि जल संरक्षण के क्षेत्र में भी प्रदेश में एक आदर्श उदाहरण स्थापित करेगा। सारंगपुर में आयोजित यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि इसने यह भी सिद्ध किया कि जब प्रशासन और जनता मिलकर कार्य करते हैं, तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करना संभव हो जाता है। जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से कालीसिंध नदी की स्वच्छता के साथ-साथ समाज में जल संरक्षण के प्रति एक नई चेतना का संचार हुआ है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सकारात्मक संदेश है। नरेन्द्र जैन / 25 मार्च 26