क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। ​पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। 25 मार्च बुधवार को गाड़ी संख्या 01143 में यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने की सूचना प्राप्त हुई। ट्रेन के कोच एस-6 (सीट संख्या 51) में यात्रा कर रही महिला श्रीमती लक्ष्मी (आयु 30 वर्ष), जो 9 माह की गर्भवती थीं, को यात्रा के दौरान असहनीय दर्द होने लगा। इस संबंध में रेल मदद 139 से प्राप्त सूचना के आधार पर जबलपुर स्टेशन पर तत्काल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। उप स्टेशन प्रबंधक आशीष चड्ढा द्वारा बिना विलंब किए रेलवे अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संजय से संपर्क स्थापित किया गया। जैसे ही ट्रेन जबलपुर स्टेशन पहुँची, पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार डॉ. संजय, नर्स ऋतु साहू एवं स्टाफ सदस्य अंगेश्वरी द्वारा प्लेटफार्म पर ही महिला को तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई। प्राथमिक जांच के उपरांत चिकित्सक द्वारा महिला को बेहतर देखभाल हेतु अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए एंबुलेंस की व्यवस्था की और महिला को सुरक्षित रूप से रानी दुर्गावती अस्पताल, जबलपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। उक्त महिला अपने पति एवं दो छोटे बच्चों के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) की यात्रा कर रही थीं। सुनील साहू / मोनिका / 25 मार्च 2026/ 06.09