नई दिल्ली (ईएमएस) । भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी तीसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 19 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा पानीहाटी सीट से रत्ना देबनाथ को टिकट दिए जाने की हो रही है, जो आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस की पीड़िता की मां हैं। पार्टी का यह कदम राजनीतिक और भावनात्मक दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है। उत्तर 24 परगना जिले की महत्वपूर्ण सीट पानीहाटी से रत्ना देबनाथ को मैदान में उतारकर भाजपा ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को चुनाव के केंद्र में लाने की रणनीति अपनाई है। वहीं, उत्तरपाड़ा सीट से पार्टी ने पूर्व एनएसजी अधिकारी दीपांजन चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल 2026 को आयोजित होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। चुनावी माहौल के बीच इस सूची को भाजपा की रणनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है। टिकट मिलने के बाद रत्ना देबनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद चुनाव लड़ने का फैसला लिया। उन्होंने बताया कि पार्टी के लोग लंबे समय से उनके संपर्क में थे और उन्होंने हाल ही में अपनी सहमति दी। गौरतलब है कि कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 9 अगस्त 2024 की रात एक 31 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया और बाद में अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए जनवरी 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई। इस घटना के विरोध में देशभर में डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया था और कोलकाता के कई अस्पतालों में 42 दिनों तक हड़ताल चली थी। बाद में कोलकाता हाई कोर्ट के आदेश पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मामले की जांच की और आरोपी को दोषी पाया। भाजपा द्वारा इस संवेदनशील मामले से जुड़ी पीड़िता की मां को चुनावी मैदान में उतारना राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश माना जा रहा है और इससे चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 19 उम्मीदवारों की तीसरी उम्मीदवार सूची जारी की है जो इस प्रकार है – कूचबिहार दक्षिण से रथीन्द्र नाथ बोस, राजगंज (अजा) से दिनेश सरकार (हराधन सरकार), इस्लामपुर से चित्रजीत रॉय, हेमताबाद (अजा) से हरिपद बर्मन, इंग्लिश बाजार से अमलन भादुरी, शांतिपुर से स्वपनदास, पानीहाटी से रत्ना देबनाथ, हावड़ा मध्य से बिप्लब मंडल, उत्तरपाड़ा से दीपांजन चक्रवर्ती, सिंगूर से डॉ. अरुप कुमार दास, चंदननगर से दीपांजल कुमार गुहा, चुंचुडा से सबीर नाग, हरिपाल से मधुमिता घोष, तमलुक से डॉ. हरे कृष्णा बेरा, मेदिनीपुर से डॉ. शंकर गुच्छैत, पूर्वस्थली दक्षिण से प्राणकृष्ण तपदार, कटवा से कृष्णा घोष, सैंथिया (अजा) से कृष्णा कांत साहा, नलहाटी से अनिल सिंह।