दिल्ली से दुबई का टिकट 90,000 पहुंचा, कई एमिरेट्स एयरलाइन का ले रहे सहारा नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से दुबई समेत कई शहरों में कामकाज सामान्य होने लगा है। ऐसे में बड़ी संख्या में भारतीयों को वापस अपने काम पर लौटने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन फ्लाइट किराए में भारी बढ़ोतरी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मीडिया रिपोर्ट में ट्रैवल एजेंट्स के मुताबिक दिल्ली से दुबई जाने वाली इकोनॉमी क्लास की एकतरफा फ्लाइट का किराया 50,000 रुपए से शुरू है। वहीं, औसतन किराया 85,000 से 90,000 रुपए के बीच पहुंच गया है, जो 5 अप्रैल तक इसी स्तर पर रह सकता है। इसके बाद किराए में कमी आने की उम्मीद की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय एयरलाइंस की कुछ फ्लाइट्स सस्ती हैं, जिनका किराया करीब 40,000 से शुरू हो रहा है। हालांकि सीमित ऑप्शन और कम उड़ानों की वजह से ज्यादातर लोग महंगी फ्लाइट्स लेने को मजबूर हैं। ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि संयुक्त अरब अमीरात ने विदेशी एयरलाइंस की उड़ानों की संख्या सीमित कर दी है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में यात्री एमिरेट्स एयरलाइन का सहारा ले रहे हैं, जहां किराया ज्यादा हैं। एमिरेट्स की लो-कॉस्ट एयरलाइन फ्लाईदुबई में टिकट थोड़े सस्ते मिल रहे हैं, जिनकी शुरुआती कीमत 35,000 से 40,000 रुपए है। इसके अलावा एक अन्य सस्ता ऑप्शन भी है। यात्री इंडिगो की फ्लाइट से अबू धाबी तक जा सकते हैं और वहां से सड़क मार्ग के जरिए दुबई पहुंच सकते हैं। इस विकल्प में हवाई किराया करीब 30,000 रुपए तक पड़ता है, जो मौजूदा समय में सबसे किफायती है। बताया जा रहा है कि कई भारतीय 28 फरवरी के बाद अपने परिवार जैसे माता-पिता, बच्चे और वर्किंग कपल्स को भारत भेज चुके थे। अब कंपनियां कर्मचारियों को वापस बुला रही हैं, जिससे उन पर जल्द लौटने का दबाव है। रिपोर्ट के मुताबिक कतर में काम कर रहे एक भारतीय ने बताया कि वह अपने नियोक्ता से कहा कि उसे पत्नी और बच्चे के साथ सऊदी अरब जाना होगा और वहां से भारत आना है। उसने कहा कि जरूरत पड़ने पर कभी भी काम पर बुलाया जा सकता है और अगर वह रिपोर्ट नहीं करता हैं तो नौकरी भी जा सकती है। इस स्थिति में कई लोगों के पास महंगे टिकट खरीदने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि सीमित उड़ानें, बढ़ती मांग और क्षेत्रीय तनाव के कारण फिलहाल किराया बढ़ा हुआ है। सिराज/ईएमएस 26मार्च26 ---------------------------------