सोनिया गांधी अस्पताल में हैं भर्ती, राहुल गांधी ने वीडियो में कहा- केरल की नर्स ने रखा बेहतर ख्याल नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी पिछले दो दिनों से दिल्ली के सर गंगा राम हॉस्पिटल में भर्ती हैं। सोनिया को पेट और यूरिनरी इंफेक्शन के चलते मंगलवार रात को भर्ती कराया गया था। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी मां सोनियां गांधी की देखभाल के लिए अस्पताल में ही रहे। राहुल ने कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि मैं हॉस्पिटल में अपनी मां के कमरे में एक छोटे से सोफे पर सो रहा था। मैं भी हर बेटे की तरह अपनी मां की सेहत को लेकर बहुत परेशान हूं। हालांकि केरल की नर्स ने मेरी मां का बहुत ख्याल रखा, जिससे उन्हें राहत मिली है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राहुल सोनिया की खराब तबीयत के चलते बुधवार को संसद भवन में हुई सर्वदलीय बैठक में भी शामिल नहीं हुए। वहीं, केरल में उनका दौरा भी रद्द कर दिया गया था। उनकी जगह मल्लिकार्जुन खड़गे गए। राहुल ने सभा को वर्चुअली संबोधित किया था। राहुल गांधी ने पोस्ट में कहा कि अस्पताल में उन्हें सिर्फ एक चीज से सुकून मिला कि केरल की एक नर्स जो हर घंटे मेरी मां को देखने आती थी। वह मुस्कुराती थी और मां का हाथ पकड़ती थी। मैंने सोचा कि केरल की नर्सों ने कितने बेटों, बेटियों, भाइयों और बहनों को उनके सबसे मुश्किल पलों में सुकून दिया है। सुबह-सुबह, मैंने उनसे पूछा, क्या आप रात में सोती हैं, या पूरी रात काम करती हैं? उन्होंने कहा कि मैं पूरी रात काम करती हूं। तो जब पूरी दुनिया सो रही है, केरल की औरतें, सिर्फ केरल में ही नहीं बल्कि दिल्ली में पूरे देश में और दुनियाभर में लोगों को सुकून दे रही हैं। उनका हाथ थाम रही हैं और उन्हें आराम महसूस करा रही हैं। वहीं राहुल गांधी ने केरल की जनता को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी ने नेशनल लेवल पर 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था। केरल के सीएम ने राज्य में 40 लाख नौकरियों का वादा किया था। 10 साल बीत गए उन्होंने लोगों को एक भी नौकरी नहीं दी है। असल में, उन्होंने नौकरियां खत्म कर दी हैं। न तो बीजेपी और न ही एलडीएफ को लगता है कि वे लोगों के प्रति जवाबदेह हैं। उन्हें नहीं लगता कि केरल के लोगों को उनसे सवाल पूछने का हक है। देशभर में विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियां कार्रवाई करती हैं, लेकिन केरल के सीएम पिनराई विजयन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने इसे मिलीभगत का सबसे बड़ा सबूत बताया। महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा और कॉलेज जाने वाली लड़कियों के लिए फाइनेंशियल मदद के तौर पर हर महीने 1000 रुपए दिए जाएंगे। वेलफेयर पेंशन को बढ़ाकर 3000 रुपए किया जाएगा। हर परिवार के लिए 25 लाख रुपए के कवरेज के साथ ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम, युवाओं के लिए पांच लाख तक का बिना ब्याज वाला लोन और सीनियर सिटिजन के लिए एक स्पेशल डिपार्टमेंट बनाया जाएगा। सिराज/ईएमएस 26मार्च26 -------------------------------