राज्य
26-Mar-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने हैवानियत की हद पार करते हुए अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे के चेहरे और सिर पर ईंट से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना ग्राम पंचायत हिर्री की है। सुबह करीब 10 बजे आरोपी शिवाजी निषाद ने अपनी पत्नी से खाना मांगा, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी गुस्से में आपा खो बैठा। गुस्से में उसने घर के अंदर खाट पर सो रहे अपने डेढ़ साल के बेटे अनुराग को उठाया और बाहर ले गया। पास के एक जर्जर मकान में ले जाकर उसने ईंट से बच्चे के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। बच्चे की दादी सीता बाई निषाद उसे बचाने के लिए दौड़कर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी उसे गंभीर रूप से घायल कर चुका था। दादी ने किसी तरह बच्चे को छुड़ाया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और पुलिस के आने तक उसे काबू में रखा। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था। परिजनों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है, हालांकि इसका कोई आधिकारिक प्रमाण नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026