राज्य
26-Mar-2026
...


आगरा(ईएमएस) यूपी के आगरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 8 साल की मासूम बच्ची का शव उसी घर में किराएदार के कमरे से बरामद हुआ। बच्ची पिछले 28 घंटे से लापता थी। क्या है पूरा मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर निवासी दिनेश कुमार की 8 वर्षीय बेटी प्रज्ञा मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। CCTV से मिला सुराग पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें बच्ची दो बार गली में आती-जाती दिखाई दी। इससे स्पष्ट हुआ कि बच्ची गली के अंदर ही कहीं गायब हुई है। इसके बाद पुलिस ने इलाके के घरों में सर्च अभियान चलाया। किराएदार पर शक, कमरे से मिला शव जांच के दौरान पता चला कि दिनेश के घर की पहली मंजिल पर रहने वाला किराएदार सुनील और उसकी मां मंगलवार शाम से गायब हैं। पुलिस ने जब उसके कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली, तो अंदर आटे के सिल्वर ड्रम में बच्ची का शव छिपा मिला। हत्या की आशंका, आरोपी फरार प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी किराएदार के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। परिजनों का हंगामा, रोड जाम बच्ची का शव मिलने के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फतेहाबाद रोड स्थित मुगल पुलिया पर जाम लगा दिया और तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस का बयान DCP सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और अन्य तथ्यों की पुष्टि होगी। यदि बच्ची के साथ कोई गलत कृत्य हुआ है, तो वह भी सामने आ जाएगा। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक बच्ची के पिता दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी दो बेटियां थीं, जिनमें प्रज्ञा बड़ी थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और घर में चूल्हा तक नहीं जला है। ईएमएस