इंदौर (ईएमएस)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव राम नवमी पर तुलसी नगर स्थित सरस्वती धाम एवं अनंतेश्वर धाम के राम-जानकी मंदिरों में आस्था और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही दोनों मंदिरों में माता जानकी और भगवान श्रीराम का विधिवत अभिषेक, पूजन एवं हवन संपन्न हुआ, जिसके पश्चात प्रभु को छप्पन भोग अर्पित किए गए। भव्य महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के जय श्रीराम के उद्घोष से संपूर्ण क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इसी क्रम में अनंतेश्वर धाम स्थित राम दरबार में अनंतेश्वर सेवा संस्था के तत्वावधान में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की मातृशक्तियों और पुरुष श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सहभागिता की। उत्सव के उपलक्ष्य में मंदिरों को आकर्षक पुष्प सज्जा और विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। संध्या काल में भजन प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बनाए रखा। आयोजन समिति के अनुसार, राम नवमी के दूसरे दिन अनंतेश्वर धाम में विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। प्रकाश/27 मार्च 2026