राज्य
27-Mar-2026
...


:: नरसिंह वाटिका में तीन दिवसीय मंत्राक्ष ध्यान शिविर का भव्य शुभारंभ :: इंदौर (ईएमएस)। आधुनिक जीवन की आपाधापी और बढ़ते मानसिक तनाव के बीच आत्मिक शांति की खोज के लिए इंदौर के नरसिंह वाटिका परिसर में शुक्रवार को मुनि 108 आदित्य सागर के सानिध्य में तीन दिवसीय मंत्राक्ष ध्यान शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित होने के लिए न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में युवा, जिज्ञासु और अनुभवी साधक पहुँचे हैं। शिविर के प्रथम दिन का वातावरण अत्यंत ऊर्जावान रहा। प्रातःकालीन सामूहिक मंत्र साधना के दौरान साधक पूरी तरह भक्ति में लीन नज़र आए। मुनि आदित्य सागर से मंत्राक्ष का बीजाक्षर प्राप्त कर कई साधक भावुक हो उठे। प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए मुनि ने कहा कि मंत्र केवल शब्द मात्र नहीं हैं, बल्कि वे एक ऐसी दिव्य शक्ति हैं जो मनुष्य को स्वयं से साक्षात्कार कराती हैं। उन्होंने बताया कि अक्षरों और मंत्रों के सही संयोजन से आत्म-साधना की एक गहन यात्रा संभव है, जिससे जीवन के मानसिक द्वंद्वों को समाप्त किया जा सकता है। इस तीन दिवसीय आयोजन में विशेष रूप से श्रुत-समाधान सत्र का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ मुनि आदित्य सागर जीवन के जटिल से जटिल प्रश्नों का अत्यंत सरल और तार्किक समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं। युवाओं के लिए तैयार किए गए विशेष सत्र करियर के दबाव, एकाग्रता की कमी और आधुनिक चुनौतियों पर केंद्रित हैं। उल्लेखनीय है कि एमबीए शिक्षित मुनि आदित्य सागर का जीवन प्रेरणापुंज है। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में सांसारिक सुखों का त्याग कर दीक्षा ग्रहण की थी। अब तक उनके द्वारा रचित 265 पुस्तकों में से 5 पुस्तकें विशेष रूप से आधुनिक प्रबंधन पर आधारित हैं, जो गृहस्थों को जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करती हैं। यह शिविर 29 मार्च तक प्रतिदिन प्रातः 5:15 से 7:30 बजे तक अनवरत जारी रहेगा। मुनि के मार्गदर्शन में यह आयोजन इंदौरवासियों के लिए एक जीवन-परिवर्तक अनुभव सिद्ध हो रहा है। प्रकाश/27 मार्च 2026