राज्य
27-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत दर्शनीय तीर्थ स्थल एवं आस्था केंद्र दादाजी धाम मंदिर में शुक्रवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के पावन जन्मोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर भगवान श्री राम का पुरुषसूक्त पाठ के साथ अभिषेक एवं विधिवत पूजन किया गया। तत्पश्चात राम रक्षा स्तोत्र एवं “भये प्रकट कृपाल” स्तुति के सामूहिक पाठ के साथ प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव को भक्तिभाव से मनाया गया। सम्पूर्ण मंदिर परिसर “जय श्री राम” के उद्घोष एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। माता रानी के समक्ष श्रद्धालु भक्तों द्वारा 71 अखंड दीप प्रज्वलित किए गए। साथ ही अखंड धूनी में हवन कर पूर्णाहुति अर्पित की गई। विशेष रूप से वे श्रद्धालु जो देश के विभिन्न नगरों से उपस्थित नहीं हो सके, उनके नाम एवं गोत्र का उच्चारण कर पूर्णाहुति अर्पित की गई, जिससे वे भी इस पुण्य अनुष्ठान के आध्यात्मिक लाभ के सहभागी बन सके। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें वर्धमान सिटी, पटेल नगर, सिद्धार्थ लेक सिटी सहित भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूजन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर के पट प्रातः 05:30 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खुले रहे। इस अवसर पर भक्तों ने “जय श्री राम” एवं माँ सिद्धिदात्री के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हरि प्रसाद पाल / 27 मार्च, 2026