नई दिल्ली (ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया के हालात को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में कहा कि सभी राज्य टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करें और अपनी तैयारियां मजबूत रखें। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में राज्यों से उनकी तैयारियों और योजनाओं की जानकारी ली। यह पहली बार है जब इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की है। बैठक में चुनाव आचार संहिता लागू होने की वजह से चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुए। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहे। इससे पहले संसद के मंच से पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट के हालातों की तुलना 6 साल पहले आई कोरोना महामारी से की थी। तब उन्होंने कहा था कि जिस तरह कोविड-19 के दौरान केंद्र और राज्यों ने टीम इंडिया बनकर काम किया था, आज एक बार फिर उसी जज्बे की जरूरत है। गौरतलब है कि मार्च 2020 में पूरी दुनिया की रफ्तार थम गई थी, तब भी पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ लगातार मीटिंग्स का एक जरूरी सिलसिला शुरू किया था। उस समय पहली मीटिंग 20 मार्च 2020 को हुई थी, जिसके ठीक चार दिन बाद देश में तीन हफ्ते का लॉकडाउन लगा था। हालाँकि इस बार सरकार ने कहा है कि लॉकडाउन नहीं लगेगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत तीन मंत्रियों ने देश में लॉकडाउन की खबरों को गलत बताया है। सुबोध/२७ -०३-२०२६