29-Mar-2026
...


-राहगीरों ने कांच तोड़कर तीन लोगों को निकाला, मृतकों में एक 3 साल का बच्चा भी बालाघाट,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बैहर-मलाजखंड मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। पलटते ही कार में आग लग गई। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोग जिंदा जल गए। मृतकों में एक 3 साल का बच्चा भी है। पुलिस के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। जानकारी के मुताबिक कार चालक प्रीतम केलकर की पवनी में वेल्डिंग की दुकान है। वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पोंडी आया था। वह शनिवार देर रात अपने माता पिता को लेकर पवनी लौट रहा था। कार में 8 साल की बच्ची पूर्वी भी थी। शनिवार रात केवलारी चौराहे के पास उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद कार में आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसमें सवार लोगों को कार से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। राह चलते लोगों ने किसी तरह कांच तोड़कर पहले पूर्वी को निकाला, उसके बाद वाहन चला रहे प्रीतम केलकर (30) और उसकी मां नानाबाई केलकर (60) को गंभीर अवस्था में निकाला। हादसे की सूचना राह चलते लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पंहुची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली कि केवलारी चौराहे के पास एक वाहन में आग लग गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राहगीरों ने किसी तरह तीन लोगों को बाहर निकाला। आग के कारण कार चालक प्रीतम के पिता नगारची केलकर (65), पत्नि सविता केलकर (28), पुत्र अभि केलकर (3) कार के अंदर ही जिंदा जल गए। हादसे की जांच की जा रही है। दुर्घटना संभवतः नींद आने के कारण हुई प्रतीत होती है क्योंकि एक मोड़ के बाद कार सीधे सड़क से नीचे उतर गई और हादसे का शिकार हो गई। कार चला रहा युवक प्रीतम और उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। घायलों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का एक वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि कार में जिंदा जल गए लोगों की डेड बॉडी के अवशेष टुकड़ों में निकाले जा रहे हैं। सिराज/ईएमएस 29मार्च26