29-Mar-2026
...


- 294 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस - ममता के खिलाफ भवानीपुर सीट से प्रदीप प्रसाद को उम्मीदवार बनाया कोलकाता/नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने एक साथ 284 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुनावी माहौल को गरमा दिया है। खास बात यह है कि कांग्रेस इस बार राज्य की सभी 294 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर सीट से मैदान में उतारा है। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट से प्रदीप प्रसाद को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने सीधा मुकाबला देने का संकेत दिया है। इसके अलावा पूर्व सांसद मौसम नूर को मालतीपुर सीट से टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने दार्जिलिंग से माधव राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, दमदम से सुष्मिता बिस्वास, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी और आसनसोल उत्तर से प्रसेनजीत पुइतांडी को भी चुनावी मैदान में उतारा है। इससे पहले पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर गहन मंथन किया गया। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने बताया कि राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मीर ने कहा कि पार्टी को कुल 294 सीटों के लिए करीब 2,500 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों का चयन कर लिया गया है। शेष कुछ सीटों पर भी जल्द ही नामों की घोषणा कर दी जाएगी। कांग्रेस का यह कदम राज्य में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच मजबूत मुकाबले में कांग्रेस कितनी प्रभावी भूमिका निभा पाती है।