बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में पिछले 23 वर्षों से घायल गौमाता और नंदी बाबा की सेवा में जुटे गौ सेवा धाम को आखिरकार अपनी स्थायी जमीन मिल गई। समाजसेवी राम अवतार अग्रवाल ने अपनी निजी भूमि संस्था को दान करते हुए यहां भव्य गौ सेवा धाम निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। संस्था लंबे समय से भूमि की मांग को लेकर शासन-प्रशासन से लेकर दिल्ली और रायपुर तक पदयात्रा व आंदोलन कर रही थी। भूमिपूजन के दौरान राम अवतार अग्रवाल ने कहा कि गौमाता हमारे जीवन के सोलह संस्कारों से जुड़ी है और उनकी सेवा से परिवार की रक्षा व पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने लोगों से गौ सेवा से जुडऩे का आह्वान किया। संस्था के विपुल शर्मा ने अग्रवाल को दानवीर बताते हुए कहा कि उनके इस योगदान से बिलासपुर में गौसेवा को नई दिशा मिलेगी। समिति ने शहरवासियों से तन-मन-धन से सहयोग की अपील की, ताकि गौमाता के लिए आधुनिक चिकित्सा व सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कार्यक्रम में विधि-विधान से गौपूजन और आरती की गई तथा प्रसाद वितरण कर खुशी मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समिति सदस्य और गौसेवक उपस्थित रहे। मनोज राज 29 मार्च 2026