राज्य
29-Mar-2026


सत्य अहिंसा के संदेश के साथ निकलेगी शोभा यात्रा, मंदिरों में सजेंगे पालने, महावीर के संदेश के साथ नृत्य नाटिका का मंचन भोपाल अहिंसा के प्रणेता भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक श्रद्धा भक्ति और उत्साह के आज मनाया जाएगा। राजधानी के जैन मंदिरों में भगवान महावीर का अभिषेक और पूजा अर्चना के साथ अनुष्ठान होंगे। मंदिरों से प्रभु महावीर के जिओ और जीने दो, सत्य अहिंसा के संदेश के साथ शोभा यात्रा निकलेगी। प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि इसी दिन मंदिर समितियों के साथ मिलकर सामाजिक संगठन महिला मंडल, जीव दया और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को करेंगे। मुख्य शोभा यात्रा निर्यापक मुनि संभव सागर महाराज सा संघ के सानिध्य में प्रातः 8 बजे से दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट और श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ ट्रस्ट के तत्वाधान में चौक मंदिर से निकलेगी। आज वीतराग विज्ञान पाठशाला के बच्चों और बहु मंडल द्वारा महावीर के संदेश के साथ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति जैन मति धर्मशाला चौक में हुई। प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया अयोध्या नगर मंदिर में आचार्य विशुद्ध सागर महाराज के शिष्य मुनि साध्य सागर महाराज, मुनि विश्व सूर्य सागर महाराज के सानिध्य में आयोजन होंगे। जिन शासन संघ और पार्श्व नाथ सोशल ग्रुप के द्वारा वर्धमान पार्क में पाषाण के प्रतीक चिन्ह को सदस्य ने साफ किया ओर सेवा कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राकेश गोहिल, मनोज मन्नु, प्रभात बचपन दीपक सोगानी, निवर्तमान अध्यक्ष विपिन एमपीटी, पूर्व अध्यक्ष मनीष आर एम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक दीपराज, मुख्य संयोजक प्रमित अजमेरा, सदस्य संजय मुंगावली, अमित शाहजहानाबाद, महिला सदस्य श्रीमती रीना दीपराज, श्रीमती आशी जैन मौजूद थे। श्वेतांबर जिनालय में 31 मार्च को होगे आयोजन- श्वेतांबर जैन मंदिरों में महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर 31 मार्च को मंदिरों में भगवान महावीर का विशेष श्रृंगार कर पूजा अर्चना होगी। श्री आदिनाथ श्वेतांबर संघ के तत्वाधान में जिनालय से शोभा यात्रा निकलेगी। समिति अध्यक्ष आर के पारेख, पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र कोठारी ने बताया कि पूजा अर्चना के साथ प्रभु महावीर की आराधना होगी। पुण्यअर्जक श्रीमती शुभा अरिहंत गोठी परिवार होंगे। सिटी मंदिर में भी अनुष्ठान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश ताटेड ने बताया महावीर गिरी एयर पोर्ट रोड में शाम को महा आरती के साथ प्रभावना वितरित होगी। अंशुल जैन / 29 मार्च, 2026