प्रदेशभर के बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना - प्रधानमंत्री जी गैर राजनीतिक विषयों से समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं - डॉ. मोहन यादव - प्रधानमंत्री जी हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहें हैं - हेमंत खण्डेलवाल भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर विधानसभा क्रमांक-1 के सम्राट अशोक मंडल के वार्ड क्र. 15 स्थित बूथ क्र. 249 एयरपोर्ट पर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भोपाल की मध्य विधानसभा के अरेरा मंडल स्थित बूथ क्रमांक-229 पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। मन की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में गैर राजनीतिक विषयों का उल्लेख कर समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मन की बात‘ कार्यक्रम हर समाज वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं, महिलाओं को रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की जो बात कही है, उससे लोगों का जीवन भी बेहतर होगा और देश भी आत्मनिर्भर बनेगा। इसी तरह प्रदेश शासन के मंत्रीगण, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर के अलग-अलग बूथों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मन की बात‘ कार्यक्रम का श्रवण किया। ‘मन की बात‘ के जरिए देश की छिपी प्रतिभाएं जनता के सामने आ रही हैं - डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रेरक प्रसंगों के जरिए छिपी हुई प्रतिभाओं को जनता के सामने लाने का कार्य कर रहे हैं। ‘मन की बात‘ कार्यक्रम को सुनकर हम सभी उन बातों से प्रेरणा लेते हैं और अपने जीवन में उतारकर आगे भी बढ़ते हैं। प्रधानमंत्री जी ‘मन की बात‘ में गैर राजनीतिक विषयों को लाकर समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। हर क्षेत्र में लगातार विकास किया जा रहा है। आज ही इंदौर एयरपोर्ट में टर्मिनल-एक का उद्घाटन किया गया। इस सौगात के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू का आभार प्रकट करता हूं। इस सौगात से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ देश-विदेश के आने वाले मेहमानों, व्यवसायियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को सभी क्षेत्रों में विकसित बनाने के साथ आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। ‘मन की बात‘ कार्यक्रम से लोग प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश विकास और प्रगति के मामले में नए आयाम स्थापित करेगा। प्रधानमंत्री जी लोगों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे - हेमंत खण्डेलवाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों व संस्थाओं की सफलता की कहानी देश की जनता के सामने लाकर लोगों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रतिपादित करते हुए देश के विकास में उनके योगदान की बात की है। प्रधानमंत्री जी ने महिलाओं को विकास की मुख्य धारा से जोड़कर देश के विकास में उनके योगदान पर भी बात की है। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को फिटनेश बढ़ाने, नवाचार को बढ़ावा देने, अमृत तालाब योजना में मछली पालन करने, कोल्ड स्टोरेज के जरिए लोगों को रोजगार के अवसर पैदा करने और अपनी आय बढ़ाने के कई मंत्र दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मन की बात‘ कार्यक्रम को देश-प्रदेश के हर व्यक्ति को सुनना चाहिए, इससे स्वयं नई-नई जानकारी मिलती है, जिससे प्रेरणा लेकर लोग खुद की आय बढ़ाने के साथ देश और समाज को और मजबूती देने में अपना योगदान दे सकते हैं। देश में पेट्रोल-डीजल व गैस का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचें व अनावश्यक स्टोर न करें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि ईरान, अमेरिका व इजराइल के युद्ध से पूरी दुनिया की पेट्रोलियम आपूर्ति पर संकट आया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसको लेकर कई देशों से संवाद किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी हैं कि मध्यप्रदेश और देश में पेट्रोल-डीजल, गैस का पर्याप्त स्टॉक है। मैं मध्यप्रदेश की जनता से अपील करता हूं कि वह परेशान न हो, अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस का स्टोर न करें। प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल के दाम देश में नहीं बढ़ने दिए, इसके लिए मैं मध्यप्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। हर नागरिक सरकार का सहयोग करें और अफवाहों से बचें। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश में किसी भी वस्तु की कोई कमी नहीं आने वाली है, इसलिए जनता निश्चिंत रहे। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इंदौर एवं भोपाल में यह रहे उपस्थित इंदौर में प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड़, मधु वर्मा, सुश्री उषा ठाकुर, मनोज पटेल, महेन्द्र हार्डिया, जीतू जिराती, जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी टीनू जैन, प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे, सावन सोनकर, प्रताप करोसिया, सूरज केरो, चिंटू वर्मा सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भोपाल में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी, मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित, पार्षद अरविंद वर्मा, बूथ अध्यक्ष सुनिल वर्मा एवं मन की बात प्रभारी सुमित पांडे उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 29 मार्च, 2026