इन्दौर (ईएमएस) शहर में लगातार डाॅग बाईट के बढ़ रहे मामलों के चलते परेशान पीड़ितों द्वारा नगर निगम से इन्हें पकड़ने की शिकायतें की जा रही है परन्तु बावजूद इसके निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई इस दिशा में नहीं की जा रही परन्तु अब आज हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम क्रम में इन्दौर नगर निगम के पार्षद और मेयर-इन-कौंसिल (एमआइसी) मेंबर को ही कुत्ते ने काट लिया जिसके बाद वे इंजेक्शन लगवाने अस्पताल पहुंचे। प्राप्त जानकारी अनुसार आज सुबह एमआइसी मेंबर मनीष शर्मा मामा को कुत्ते ने काट लिया। जब वे घर से बाहर निकल रहे थे उसी समय गली के कुत्ते ने उनके पैर में काटा है। इसके चलते वे तत्काल इलाज के लिए लाल हॉस्पिटल पहुंचे हैं। ज्ञात हो कि शहर में आवारा कुत्तों का आतंक कम नहीं हो रहा है। आए दिन छोटे बच्चे और बड़े-बुर्जगों के साथ महिलाएं कुत्तों के काटने का शिकार होती रहती हैं। अब जब एमआईसी मेम्बर ही उनके शिकार हुए तब देखना होगा कि निगम की ओर से क्या कार्रवाई शुरू होती है। आनंद पुरोहित/ 29 मार्च 2026